जल गंगा संवर्धन अभियान में विभिन्न विभाग निभा रहे हैं भागीदारी
जल गंगा संवर्धन अभियान में विभिन्न विभाग निभा रहे हैं भागीदारी
रीवा (कीर्तिप्रभा) जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में मुख्य रूप से पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा शहरी क्षेत्र में नगरीय निकायों द्वारा जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। नगरीय निकायों में पक्के भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने तथा हैण्डपंपों में रिचार्ज पिट बनाने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ-साथ नगरीय निकायों में जल संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। कृषि तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सिंचाई पद्धति अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके इच्छुक किसानों के आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं। किसानों को जल चौपाल और कृषक परिचर्चा के माध्यम से जल संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में रायपुर कर्चुलियान विकासखण्ड के ग्राम खुझ में कृषक परिचर्चा का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जल संरक्षण के लिए विद्यार्थियों के माध्यम से रैली निकाली जा रही है। साथ ही निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं चित्र प्रतियोगिता के माध्यम से जल संरक्षण के संदेश दिए जा रहे हैं। इस क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मझियार तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिलखन में निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा हैण्डपंपों में रिचार्ज पिट बनाकर तथा बिगड़े हैण्डपंपों को सुधारकर जल संवर्धन में योगदान दिया जा रहा है। इस क्रम में नगर परिषद गुढ़ में पीएचई विभाग द्वारा हैण्डपंपों का सुधार एवं साफ-सफाई का कार्य कराया गया। उद्योग विभाग औद्योगिक इकाईयों में जल संरक्षण के कार्य कराकर जल गंगा संवर्धन अभियान में सहयोग कर रहा है। इस क्रम में औद्योगिक क्षेत्र चोरहटा में तीन औद्योगिक इकाईयों तथा ग्राम महसांव में अंकिता राइस मिल में रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया गया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत सगरा में खेत तालाब निर्माण तथा ग्राम पंचायत दुबगवां दुबान में तालाब की सफाई का कार्य शुरू किया गया। जनपद पंचायत सिरमौर की ग्राम पंचायत बम्हनी अजमेर तथा जनपद पंचायत मऊगंज की ग्राम पंचायत सरैहा में भी खेत तालाब का निर्माण शुरू किया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों द्वारा विकासखण्ड रीवा की ग्राम पंचायत बिहरा में हैण्डपंप की साफ-सफाई में श्रमदान किया गया। साथ ही रैली निकालकर जल संरक्षण के संदेश दिए गए।
क्रमांक-193-1333-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 03 से 05 संलग्न है।