दिल्ली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 48 घंटे में पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा गया

पाकिस्तान से दिल्ली आने वाले अधिकतर नागरिकों का ठिकाना दिल्ली-6 ही होता है। यहां के चांदनी चौक, चाबड़ी बाजार, हौजकाजी, चांदनी महल, दरियागंज, जामा मस्जिद व कूचा महाजनी आदि मुस्लिम इलाकों में 50 से अधिक छोटे-छोटे होटल व लॉज हैं, जहां महज तीन सौ रुपये प्रतिदिन के किराए पर कमरे मिल जाते हैं।
48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का दिया था अल्टीमेटम
इसलिए पाकिस्तानी नागरिक इन इलाकों में ठहरना अधिक पसंद करते हैं। 22 अप्रैल को पहलगाम में घटना के समय दिल्ली में करीब 200 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे थे। 24 अप्रैल को केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने के अल्टीमेटम के बाद उनसे त्वरित संपर्क कर दिल्ली पुलिस इंटेलीजेंस यूनिट की पाकिस्तान सेक्शन ने उन्हें वापस पाकिस्तान भेज दिया।
वीजा की अवधि खत्म हो जाने पर क्या होता है?
किसी भी तरह के वीजा पर भारत आने पर पाक नागरिकों को इंटेलीजेंस के पाकिस्तानी सेक्शन में आने की एंट्री करानी होती है उसके बाद ही वह किसी ठिकाने पर जा सकते हैं। इसी तरह वीजा खत्म होने पर वापस जाने से पहले भी उन्हें पाक सेक्शन में जाकर एंट्री करानी होती है।
वीजा की अवधि खत्म हो जाने पर अगर कोई पाकिस्तान लौट जाने के लिए पाक सेक्शन में एंट्री नहीं कराता है और उसका मोबाइल बंद पाया जाता है तब उसके मिसिंग की रिपोर्ट एफआरआरओ में कर दी जाती है।
अलग-अलग डेट पर आए थे भारत
इंटेलीजेंस यूनिट के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि पाकिस्तान सेक्शन की एक बड़ी टीम है। वहां के अधिकारियों पर पाकिस्तानी नागरिकों के हर मूवमेंट पर नजर रखने की अहम जिम्मेदारी होती हैं।
पाकिस्तान से लोग मेडिकल, टूरिस्ट व अन्य तरह के अलग-अलग वीजा पर अधिकतम 45 दिन के लिए भारत आते हैं। 24 अप्रैल को केंद्र सरकार द्वारा देशभर में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के अंदर देश छोड़ने के अल्टीमेटम देने के दौरान दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 200 पाकिस्तानी नागरिक रह रहे थे। उनमें कोई चार दिन तो कोई एक सप्ताह व अलग-अलग तिथियों में भारत आए थे।
खस्ताहाल में मिला लॉज
अधिकतर पाकिस्तानी हौजकाजी स्थित सीमा लॉज में पाए गए थे। इस इलाके में वर्षों पहले सीमा नाम की महिला निगम पार्षद थी। उन्हीं के नाम पर यह लॉज है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान लॉज खस्ताहाल में मिला। इसके अलावा दिल्ली-6 में विभिन्न होटलों व लॉज में रहने वाले पाकिस्तानी नागरिकों से संपर्क कर पाक सेक्शन के अधिकारियों ने उन्हें 25 से 27 अप्रैल के दौरान सभी को वापस पाकिस्तान भेज दिया।
अभी दिल्ली में कितने हैं पाकिस्तानी नागरिक?
एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि वर्तमान में दिल्ली में एक भी पाकिस्तानी नागरिक नहीं है। भारत आने पर अगर किसी पाकिस्तानी नागरिक पर पाक सेक्शन को संदेह होता है तब दिल्ली अथवा अन्य राज्यों में उसके जाने पर उसपर दिल्ली पुलिस व राज्यों की पुलिस नजर रखती है।