पेयजल व्यवस्था और सीवरेज लाइन के निर्माण कार्य दिसम्बर तक पूरे करें - उप मुख्यमंत्री
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय रीवा
समाचार
---------
पेयजल व्यवस्था और सीवरेज लाइन के निर्माण कार्य दिसम्बर तक पूरे करें - उप मुख्यमंत्री
अमृत-2 योजना से शहर के सभी वार्डों में पहुंचेगा मीठा पानी - उप मुख्यमंत्री
रीवा रीवा (कीर्तिप्रभा) उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में नगर निगम में अमृत-2 योजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत-2 योजना से स्वीकृत पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी निर्माण कार्य दिसम्बर माह तक अनिवार्य रूप से पूरा करा दें। पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और 12 टंकियों का निर्माण सितम्बर माह तक पूरा कराकर इनकी टेस्टिंग शुरू कर दें। अमृत-2 योजना से 15 हजार घरों में नए नल कनेक्शन होंगे तथा पूर्व के घरों में पानी की आपूर्ति बेहतर होगी। इससे शहर के सभी वार्डों में मीठा पानी पर्याप्त मात्रा में पहुंचने लगेगा। आमजनता की मीठे पानी की वर्षों की मांग इससे पूरी होगी। निर्माण कार्य होने पर 94 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो सकेगी जो शहर की आगामी 30 साल की जरूरत को पूरा कर सकेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सीवरेज लाइन का निर्माण तय समय सीमा में करें। बारिश समाप्त होते ही रोड रेस्टोरेशन का कार्य तेजी से कराएं। शेष बचे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण पूरा कराकर सितम्बर माह से सीवरेज लाइन से घरों का कनेक्शन शुरू कर दें। कनेक्शन देने के बाद सड़कों के निर्माण का कार्य तेजी से पूरा कराएं। बिछिया नदी में मिलने वाले नालों के भी पानी को साफ करने की व्यवस्था करें। सीवरेज लाइन निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद शहर की स्वच्छता में वृद्धि होगी। पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण और नदियों को स्वच्छ रखने का उद्देश्य भी इससे पूरा होगा। बैठक में आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने बताया कि पेयजल व्यवस्था से जुड़े सभी निर्माण कार्य 31 दिसम्बर तक पूरे हो जाएंगे। सीवरेज लाइन में जयंती कुंज एसटीपी को छोड़कर शेष सभी का निर्माण अक्टूबर माह तक पूरा हो जाएगा। बाबा घाट एसटीपी का कार्य पूरा हो गया है तथा यहाँ अब गंदे पानी का शोधन करके साफ पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। बैठक में एसडीएम हुजूर वैशाली जैन तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
क्रमांक-247-2644-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 01, 02 संलग्न है।
सिरमौर न्यायालय के लिपिक मुनेन्द्रनाथ त्रिपाठी को शीघ्र उपस्थिति के निर्देश
रीवा (कीर्तिप्रभा) प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राकेश मोहन प्रधान ने सिरमौर व्यवहार न्यायालय में तलवाना लिपिक के पद पर कार्यरत श्री मुनेन्द्रनाथ त्रिपाठी को तत्काल कर्तव्य में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। मुनेन्द्रनाथ त्रिपाठी पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार त्रिपाठी आयु लगभग 55 वर्ष निवासी वार्ड नम्बर 14 संजय/नेहरू नगर रीवा, जिला न्यायपालिका रीवा में सहायक ग्रेड तीन के पद पर नियोजित होकर सिरमौर व्यवहार न्यायालय में तलवाना लिपिक के पद पर कार्यरत थे। वह 5 फरवरी 2025 से लगातार वर्तमान तक कर्तव्य से अनुपस्थित हैं। उनके विरूद्ध श्री अजीत कुशवाहा निवासी हरदुआ तहसील सेमरिया द्वारा नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा लेकर धोखाधड़ी करने की शिकायत प्रस्तुत की गई है। इस संबंध में श्री त्रिपाठी को जवाब प्रस्तुत किया जाना है। प्रधान जिला एवं स्त्र न्यायाधीश ने श्री त्रिपाठी को तत्काल कर्तव्य में उपस्थित होने और शिकायत के संबंध में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
क्रमांक-248-2645
एक देश एक चुनाव वर्तमान समय की सबसे बड़ी मांग और चुनौती है - उप मुख्यमंत्री
भावी पीढ़ी को नशे से बचाकर ही समाज और देश का विकास होगा - उप मुख्यमंत्री
रीवा (कीर्तिप्रभा) उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने एक देश एक चुनाव विषय पर आयोजित संगोष्ठी में कहा कि एक देश एक चुनाव वर्तमान समय की सबसे बड़ी मांग और चुनौती है। देश में 1952 से 1967 तक लोकसभा और विधानसभा के चुनाव साथ-साथ हुए हैं। अलग-अलगर कारणों से सरकारें भंग हुई और मध्यावधि चुनाव की नौबत आई। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पुन: एक देश एक चुनाव का कठिन संकल्प लिया है। जिस तरह प्रधानमंत्री जी के अन्य संकल्प पूरे हुए उसी तरह यह संकल्प भी पूरा होगा। लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने पर हजारों करोड़ रुपए की बचत होगी। विकास कार्यों के लिए अधिक राशि और अधिक समय मिलेगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर व्यक्ति और हर मतदाता को जागरूक करके इसमें शामिल करना होगा। संगोष्ठी का आयोजन जेएनसीटी इंजीनियरिंग कालेज में किया गया।
संगोष्ठी में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की लत बड़ी सामाजिक बुराई के रूप में हमारे सामने कठिन चुनौती की तरह है। कोरेक्स और अन्य नशीले पदार्थों के कारण युवा पीढ़ी अपने उद्देश्य से भटक रही है। नशा तन, मन और धन तीनों का विनाश करता है। भावी पीढ़ी को नशे से बचाकर ही समाज और देश का विकास होगा। भावी पीढ़ी यदि नशे की राह में चली गई तो हर तरह का विकास बेमानी हो जाएगा। आज विकास के जो कार्य हो रहे हैं उनका सर्वाधिक उपभोग भावी पीढ़ी ही करेगी। नशे पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने करोड़ो रुपए के नशीले पदार्थ जप्त किए हैं तथा 600 से अधिक नशे के सौदागरों को जेल भेजा है। नशे की बुराई को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों विशेषकर युवाओं को योगदान देना आवश्यक है। हर व्यक्ति जागरूक होकर और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझकर नशे का विरोध करे। जो नशे की गिरफ्त में हैं उन्हें उपचार और समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।
संगोष्ठी में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि एक देश एक चुनाव बहुत आवश्यक है। दुनिया के कई देशों में तीन-चार तरह के चुनाव एक साथ होते हैं। बेल्जियम में मतदाता एक बार मतदान करके पाँच अलग-अलग तरह के जनप्रतिनिधि चुनता है जिनसे लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय की सरकारों का गठन होता है। देश में भी प्रथम आम चुनाव से ही लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होते रहे हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यहाँ सर्वाधिक मतदाता हैं। यदि लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने लगें तो करोड़ो मतदाता एक ही चुनाव में दो सरकारों के प्रतिनिधि चुन लेंगे। इससे परिश्रम, धन और समय तीनों की बचत होगी। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने एक देश एक चुनाव का संकल्प लिया है। हम सब मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में योगदान दें। संगोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व महापौर श्री वीरेन्द्र गुप्ता, समाजसेवी डॉ राजेन्द्र मिश्रा, श्री राम सिंह, श्री राजेश पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री श्यामलाल द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कालेज के संचालक एसएन तिवारी, प्राध्यापकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
क्रमांक-249-2646-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 03 से 05 संलग्न है।
उप मुख्यमंत्री आज जाएंगे जबलपुर
रीवा (कीर्तिप्रभा) उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल 23 अगस्त को एक दिवसीय प्रवास पर जबलपुर जाएंगे। उप मुख्यमंत्री सुबह 8 बजे रीवा से कार द्वारा प्रस्थान कर सुबह 11.30 बजे जबलपुर पहुंचेंगे। उप मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे महानद्दा जबलपुर में लोक निर्माण विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे जबलपुर से कार द्वारा प्रस्थान कर शाम 5.30 बजे रीवा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
क्रमांक-250-2647-उमेश तिवारी
खेती के विकास से ही देश का विकास होगा - सभापति कृषि समिति
नवाचार करके किसान को लाभकारी खेती से जोड़ें - श्री परिहार
रीवा (कीर्तिप्रभा). विधानसभा कृषि विकास समिति द्वारा रीवा जिले में कृषि विकास की समीक्षा की गई। कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में समिति के सभापति विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि विन्ध्य में खेती का तेजी से विकास हुआ है। पिछले पाँच वर्षों में यहाँ धान, गेंहू और फल सब्जी का उत्पादन तेजी से बढ़ा है। शासन की विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करके खेती को आधुनिक बनाएं। प्राकृतिक खेती, जैविक खेती तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा दें। नवाचार करके किसानों को लाभकारी खेती से जोड़ें देश की 75 प्रतिशत आबादी की आजीविका का आधार खेती है। खेती का विकास होने से किसान और देश दोनों समृद्ध होंगे।
सभापति ने कहा कि रीवा में 750 मेगावाट का सोलर पावर प्लांट यहाँ के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। रीवा की ग्रीन एनर्जी से दिल्ली की मैट्रो ट्रेन दौड़ रही है। सोलर ऊर्जा के विकास के लिए लगातार प्रयास करें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जिले के एक लाख 83 हजार किसान लाभान्वित हो रहे हैं। शेष किसानों की भी ई केवाईसी कराकर योजना से लाभान्वित कराएं। फसल बीमा योजना से लाभान्वित किसानों की विधानसभावार पूरी जानकारी समिति को उपलब्ध कराएं। खेती के साथ-साथ पशुपालन और मुर्गीपालन को भी बढ़ावा दें। आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना से बैंकों में दर्ज 83 प्रकरणों को स्वीकृत कराकर ऋण और अनुदान का वितरण कराएं। जिले में बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में 8 हजार से अधिक गौवंशों की सेवा की जा रही है। अभी भी बेसहारा गौवंश तथा सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंश को गौशालाओं में व्यवस्थित कराएं। पंचायतों द्वारा संचालित गौशालाओं की व्यवस्था बेहतर करें।
बैठक में समिति के सदस्य विधायक श्री नरेन्द्र प्रजापति ने जिले में यूरिया की कमी और गौवंश के सड़कों में विचरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। बैठक में उपस्थित एडीएम श्रीमती सपना त्रिपाठी ने बताया कि जिले में खाद के वितरण को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सभी निजी विक्रेताओं के दुकानों पर राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में खाद की बिक्री की जा रही है। खाद के अवैध व्यापार में लिप्त पाँच दुकानदारों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। बैठक में संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ राजेश मिश्रा ने बताया कि गौवंश को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में व्यवस्थित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकासखण्ड गंगेव में हिनौती गौधाम का विकास किया जा रहा है जिसमें 50 हजार निराश्रित गौवंशों को रखा जाएगा। बैठक में संयुक्त संचालक कृषि जेएस नेताम ने रीवा जिले और संभाग में किए जा रहे कृषि विकास के कार्यों की जानकारी दी। बैठक में समिति के सदस्य विधायक श्री सुनील तिवारी, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक श्री संतोष बरकड़े, विधायक श्री भैरव सिंह बापू तथा विधायक श्री साहब सिंह गुर्जर उपस्थित रहे। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक-251-2648-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 06 से 08 संलग्न है।
विशाल रक्तदान शिविर आज
रीवा (कीर्तिप्रभा) जिला प्रशासन तथा प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान द्वारा दो दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर 23 अगस्त को सुबह 8 बजे से कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आरंभ होगा। इसमें दोपहर 2 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान किया जाएगा। विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्य स्मृति दिवस पर प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। मऊगंज में भी 23 अगस्त को जिला अस्पताल मऊगंज में भी सुबह 8 बजे से प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। आमजनता से शिविर में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान की अपील की गई है। शिविर को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा जिला रेडक्रास समिति द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
क्रमांक-252-2649-उमेश तिवारी
विधानसभा की समिति ने किया करहिया मण्डी का भ्रमण
मण्डी में किसान को पूरी सुविधा देना सुनिश्चित करें - सभापति
रीवा (कीर्तिप्रभा) मध्यप्रदेश विधानसभा की कृषि विकास समिति ने करहिया कृषि उपज मण्डी का भ्रमण किया। मण्डी परिसर में सदस्यों का मंत्रोच्चार से स्वागत किया गया। इस अवसर पर समिति के सभापति विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि देश के विकास में खेती का महत्वपूर्ण योगदान है। खेती से ही देश की अधिकतम आबादी को आजीविका मिल रही है। कृषि उपज मण्डी मुख्य रूप से किसानों के लिए है। मण्डी में किसानों को पूरी सुविधा देना सुनिचित करें। ई मण्डी व्यवस्था को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करें। किसान साल भर कठिन परिश्रम करके जो फसल उगाता है उसका उचित लाभ उसे मण्डी में मिलना चाहिए। खेती को बेहतर करने के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने नदी जोड़ो का संकल्प लिया था। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी इस संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी खेती के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। रीवा जिले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मछलीपालन के विकास की असीम संभावनाएं हैं। निरीक्षण के समय समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। उप संचालक मण्डी आनंद मोहन शर्मा ने जिले में मण्डी बोर्ड की योजनाओं तथा मण्डी की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
क्रमांक-253-2650-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 09, 10 संलग्न है।
गुढ़ विधायक ने टीबी रोगियों को वितरित किए पोषण आहार के पैकेट
रीवा (कीर्तिप्रभा) . जिले में टीबी उन्मूलन में प्रयास निरंतर जारी हैं। जिला स्तरीय टीम के साथ ब्लॉक स्तरीय टीम सामाजिक प्रतिनिधियों एवं स्वसहायता समूहों के समन्वय से टीवी उन्मूलन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। टीबी उन्मूलन के लिए निक्षय मित्रों की श्रृंखला भी बनाई जा रही है। इसी क्रम में रायपुर कर्चुलियान में आयोजित समारोह में गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह ने टीबी रोगियों को पोषण आहार के 50 पैकेट वितरित किए। पोषण आहार के रूप में चार किलो आटा, दो किलो मूंगफली, एक किलो दाल तथा एक किलो भूना चना टीबी रोगियों को वितरित किया गया। विधायक श्री सिंह ने निक्षय मित्र के रूप में प्रतिबद्ध होकर टीबी उन्मूलन को अपने समाज से जड़ से मुक्त करने का संकल्प लिया। उन्होंने टीबी रोगियों के पोषण आहार के लिए 30 हजार रुपए रेडक्रास सोसायटी रीवा के खाते में जमा कराया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव शुक्ला ने बताया कि समारोह में टीबी रोगियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाले स्वयंसेवकों तथा निक्षय मित्रों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में सचिव रेडक्रॉस राजेन्द्र पाण्डेय, जनपद सीईओ संजय कुमार सिंह, जिला छय अधिकारी डॉ अनुराग शर्मा, बीएमओ डॉ कल्याण सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, रेनू सिंह का विशेष सहयोग रहा।
क्रमांक-254-2651--फोटो क्रमांक 11, 12 संलग्न है।
रीवा जिले में गणेश चतुर्थी पर रहेगा स्थानीय अवकाश
रीवा (कीर्तिप्रभा) . रीवा जिले में 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में वर्ष 2025 के लिए तीन स्थानीय अवकाशों की घोषणा की गई थी। जिसके अनुसार 27 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर तीसरा स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। घोषित किया गया स्थानीय अवकाश जिले के सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र के सभी शासकीय कार्यालयों तथा संस्थानों में प्रभावशील होगा। यह अवकाश जिले के कोषालय, उप कोषालय तथा बैंकों पर लागू नहीं होगा।
क्रमांक-255-2652
सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर खड़े ट्रकों पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई, 55 वाहनो के हुए चालान
रीवा (कीर्तिप्रभा) परिवहन सुरक्षा स्क्वाड रीवा ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ व्यापक चालानी कार्रवाई शुरू की है। यह अभियान शहर के प्रमुख मार्गों, विशेष रूप से रतहरा और चोरहटा बाईपास रिंग रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में चलाया गया, जहां अवैध पार्किंग के कारण जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बढ़ रही है। इन सभी वाहनों के ऑनलाइन चालान बनाए गए। परिवहन अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से सड़क किनारे खड़े ट्रक, कंटेनर हाइवा और अन्य वाहन न केवल यातायात को बाधित कर देते हैं, बल्कि कई बार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इस अभियान के तहत परिवहन सुरक्षा स्क्वाड टीम ने वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे। कई वाहनों को मौके पर ही हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क पर आवागमन सुगम हो सके। संभागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि अवैध पार्किंग सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। हमारा उद्देश्य न केवल नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करना है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी कार्रवाई और सख्त होगी और बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वाहन जप्ती जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है। अभी तक सडक के किनारे खड़े अवैध रूप से 55 वाहनो के चालान बनाये जा चुके हैं। रतहरा बाईपास के पास रहने वाले लोग और वहां से आवागमन करने वाले व्यक्तियों ने इस कार्य कि सराहना की है। रहवासियों और दुकानदारों ने बताया कि यहां अक्सर ट्रकों की अवैध पार्किंग से जाम लगा रहता है, जिससे हमें बहुत परेशानी होती है। परिवहन विभाग की इस पहल से अब स्थिति में सुधार होगा। आर टी ओ रीवा ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल नियम तोड़ने वालों के खिलाफ है और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी प्रक्रियाएं मोटर वाहन अधिनियम के तहत की जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन के सहयोग से आर टी ओ ने शहर के अन्य हिस्सों में भी नियमित चेकिंग अभियान चलाने की योजना बनाई है। यह कदम रीवा में यातायात व्यवस्था को और बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
क्रमांक-256-2653-उमेश तिवारी-फोटो क्रमांक 13, 14 संलग्न है।

'पंजाब को शिक्षा में नंबर 1 बनाया', केजरीवाल का भाजपा पर तीखा हमला, पेपर लीक पर भी दिया जवाब
राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को चेतावनी, कहा- पीओके के अलावा किसी मुद्दे पर नहीं होगी बात
फर्जी रोमन थिएटर का 10 साल तक चलता रहा खेल, हजारों रुपये वसूलने के बाद ऐसे खुली पोल
विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का जलवा, ईशा सिंह ने जीता स्वर्ण, मनु भाकर को कांस्य
'हमने मिठाई तक छोड़ दी...' भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता ने बताया मेडल का मंत्र
जयराम रमेश के बयान पर पलटवार, धर्मेंद्र प्रधान बोले- मैं स्ट्रीट फाइटर हूं
केस वापसी पर कब आएगा आदेश? जानिए आगे की कानूनी प्रक्रिया