वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय अनाहत सिंह का अगला बड़ा लक्ष्य एशियन गेम्स 2026 है। वह इसे अपने जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट मानती हैं, क्योंकि इसमें ओलंपिक क्वालिफिकेशन भी दांव पर है। 18 वर्षीय अनाहत ने कनाडा में ऐतिहासिक जीत हासिल कर वर्ल्ड जूनियर विमेंस सिंगल्स इवेंट में मिस्र के लंबे समय से चले आ रहे दबदबे को खत्म किया था। अब वह इस बड़े कॉन्टिनेंटल इवेंट की तैयारी में जुटी हैं, जहां उनका मुकाबला एशिया की शीर्ष खिलाड़ियों से होगा।

सम्मान समारोह में अनाहत के विचार

एचएसीएल स्क्वैश के साथ मिलकर स्क्वैश फेडरेशन ऑफ इंडिया की तरफ से आयोजित एक सम्मान समारोह में अनाहत ने कहा, "मुझे लगता है कि यह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट होने वाला है। इसलिए मैं अगले कुछ महीनों में इसमें अपनी पूरी जान लगा दूंगी।"

स्कवैश साल 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक में अपना डेब्यू करने जा रहा है, जिससे एशियन गेम्स अनाहत के लिए बेहद अहम बन जाते हैं क्योंकि वह ओलंपिक में होने वाली पहली ऐतिहासिक स्क्वैश प्रतियोगिता में जगह बनाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा, "ओलंपिक में जगह बनाना हर एथलीट का सपना होता है और ऐसा करने वाली पहली स्क्वैश खिलाड़ी बनना मेरे लिए दुनिया की सबसे बड़ी खुशी होगी।"

दुनिया की टॉप-20 में शामिल हैं अनाहत

फिलहाल दुनिया की शीर्ष 20 खिलाड़ियों में शामिल अनाहत को एशियन गेम्स की चुनौतियों का पूरा अंदाजा है। इस प्रतियोगिता में मलेशिया, हांगकांग और जापान के कई टॉप-रैंक खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे यह युवा भारतीय खिलाड़ी के लिए एक कड़ी परीक्षा होगी। उन्होंने 'आईएएनएस' से बातचीत में कहा, "मलेशिया, हांगकांग और जापान के कई अन्य खिलाड़ी हैं जो दुनिया की टॉप-10 या टॉप-20 रैंकिंग में हैं और वे बहुत कड़े प्रतिद्वंद्वी भी हैं।"

तैयारी और पिछला अनुभव

यह भारतीय युवा खिलाड़ी एशियन गेम्स से पहले बचे हुए समय का उपयोग अपने खेल में जरूरी सुधार करने के लिए कर रही हैं। उन्होंने कहा, "अगर मैं अगले कुछ महीनों तक कड़ी ट्रेनिंग कर पाऊं और सच में सुधार करके एशियन गेम्स में अपना बेस्ट गेम खेल सकूं, तो यह बहुत शानदार होगा। यह तो बस शुरुआत है।"

अनाहत पहले भी एशियन गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं और उस टूर्नामेंट की यादें उनके लिए प्रेरणा का काम करती हैं। उन्होंने कहा, "पिछली बार जब मैंने एशियन गेम्स खेले थे, तो वे मेरी जिंदगी के सबसे अच्छे दो हफ्ते थे। विलेज में रहना और इतने सारे शीर्ष एथलीट्स को देखना एक शानदार अनुभव था। मैं इस बार और बेहतर प्रदर्शन करने और अपना बेस्ट गेम खेलने के लिए बेहद उत्साहित हूं।"