सीलमपुर में विवाद के बाद चाकूबाजी, महिला समेत चार लोग घायल
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में मामूली बातों पर हिंसक टकराव की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र का है, जहां घर के बाहर स्कूटी खड़ी करने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों में विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह झगड़ा देखते ही देखते खूनी संघर्ष और चाकूबाजी में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमले का आरोप लगाया है। इस हिंसक झड़प में एक महिला सहित दोनों पक्षों के कुल चार लोग जख्मी हो गए।
सीलमपुर के जे-ब्लॉक में दिलशाद और आमिर के परिवार के बीच घर के नीचे स्कूटी पार्क करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों परिवारों के लोग आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों ओर से एक-दूसरे पर लाठी-डंडों के साथ चाकू से हमला किया गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हमले में पहले पक्ष से दिलशाद और उनकी पत्नी घायल हुए, जबकि दूसरे पक्ष से आमिर और उसका भाई चाकू लगने से चोटिल हो गए। घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक चिकित्सकीय उपचार के बाद चारों घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
सीलमपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की क्रॉस शिकायतों के आधार पर संबंधित आपराधिक धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। घटनास्थल और आसपास की गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वारदात की शुरुआत और हमलावरों की सही भूमिका का निर्धारण कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा सके।

राशिफल 14 अक्टूबर 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हिंसा से सुरक्षा और न्याय तक-महिलाओं का संबल बना सखी वन स्टॉप सेंटर
अमृतधारा: जब कोरापानी के आंगनों में मुसकराया ’जल जीवन’
रिक्त शैक्षणिक पदों पर भर्ती शीघ्र पूरी करें, पीएम-उषा की राशि का समय-सीमा में करें उपयोग : उच्च शिक्षा मंत्री परमार
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
सारंगढ़ के महाविद्यालय में गुंजा ‘कोई मतदाता छूटे ना’ का संदेश
आजादी के बाद पहली बार ग्राम चांगेर में पहुंची विकास की रोशनी
विगत दो सप्ताह में साइबर अपराधियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई